दिल्ली: दक्षिण पश्चिम दिल्ली के घिटोरनी गांव में दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की पत्नी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. अधिकारियों ने शुक्रवार को इस घटना के बारे में बताते हुए कहा कि बृहस्पतिवार शाम को एक व्यक्ति ने फोन कर सूचित किया कि कांस्टेबल की पत्नी और दो बेटे घर पर हैं लेकिन कोई दरवाजा नहीं खोल रहा है.
डीसीपी (दक्षिण पश्चिम) इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस घिटोरनी गांव में घटनास्थल पहुंची और घर का दरवाजा भीतर से बंद पाया. बाद में पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और कांस्टेबल सुशील की पत्नी राजेश का शव घर के अंदर पंखे से लटका पाया.
पुलिस ने बताया कि दंपति के दोनों बेटे बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिले जिन्हें वसंत कुंज में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां अभी उनका इलाज चल रहा है.
उन्होंने बताया कि बड़े बेटे जिसकी उम्र तीन साल है उसकी हालत स्थिर है लेकिन छोटे बेटे जिसकी उम्र दो साल है उसकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है. उन्होंने बताया कि दंपति की शादी 2014 में हुई थी.

