संवाददाता
रांची
संविधान दिवस के अवसर पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में मंगलवार को कार्यक्रम हुआ. विश्वविद्यालय में बास्केटबॉल स्टेडियम का उद्घाटन भी किया गया. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति डॉ सत्यनारायण मुंडा थे.
संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ सत्यनारायण मुंडा ने कहा कि खासकर युवा वर्ग को संविधान दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. भारत के संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अम्बेडकर ने भारतीय संविधान के रूप में दुनिया का सबसे बड़ा संविधान तैयार किया है. यह दुनिया के सभी संविधानों को परखने के बाद बनाया गया.

इसे विश्व का सबसे बड़ा संविधान माना जाता है, जिसमें 448 अनुच्छेद, 12 अनुसूचियां और 94 संशोधन शामिल है. कुलपति डॉ सत्य नारायण मुंडा ने कहा कि संविधान हमारे कर्तव्यों को निर्धारित करता है, छात्रों को बताया गया कि उनके कर्तव्य क्या है, कौन से संविधान की धारा है जिसके माध्यम से उन्हें सहयोग मिल सकता है. उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकार के बारे में विद्यार्थियों को बताया गया, आगे बढ़ने के लिए संविधान की जानकारी की जरूरत है.
कुलपति डॉ सत्यनारायण मुंडा ने कहा कि बास्केटबॉल स्टेडियम का निर्माण आई.ए.एस वाइफ एसोसिएशन के सहयोग से हुआ. संविधान दिवस के दिन स्कूलों,कॉलेजों में विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी जाती है. संविधान दिवस मनाने का मकसद नागरिकों को संविधान के प्रति सचेत करना, समाज में संविधान के महत्व का प्रसार करना है. इस मौके पर प्रोफेसर राजेन्द्र महतो, प्रोफेसर विनय भरत ,डॉ यू.सी.मेहता, तुलसी नारायण सिंह, छात्र नेता देवेन्द्र नाथ महतो सहित अन्य उपस्थित थे.

