रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश भर में कोरोना से बचाव के उपायों से लोगों को अवगत कराने के उद्देश्य से कोरोना जागरुकता जन आंदोलन की शुरुआत हुई है. इसी क्रम में झारखंड में राजधानी समेत राज्य के दूसरे जिलों में स्थित सूचना एवं मंत्रालय के कार्यालयों द्वारा होर्डिंग, बैनर, पोस्टर लगाकर एवं सामूहिक रूप से शपथ लेकर कोरोना जागरुकता जन आंदोलन का शुरुआत हुई.
पत्र सूचना कार्यालय के अपर महानिदेशक अरीमर्दन सिंह ने पत्र सूचना कार्यालय तथा प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो, रांची में अधिकारियों और कर्मचारियों को कोरोना जागरूकता जन आंदोलन की शपथ दिलाई गई.
साथ ही साथ टि्वटर, फेसबुक एवं सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों से इस महत्वपूर्ण जन आंदोलन की जानकारी देशवासियों को पहुंचाई गई. उनसे इस जन आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई.
दूरदर्शन एवं आकाशवाणी ने भी इस आंदोलन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई. देश की नामचीन हस्तियों, बुद्धिजीवियों एवं राजनीतिज्ञों ने इस जन आंदोलन को सफल बनाने के लिए अपने संदेश मीडिया के माध्यम से देश के सभी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया.
झारखंड में भी गवर्नर द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सांसदों, विपक्ष के नेता एवं खेल जगत की हस्तियों ने लोगों से अपील कर सुरक्षा के उपाय अपनाने का आह्वान किया.
महानायक अमिताभ बच्चन ने भी इस अवसर पर एक ऑडियो संदेश जारी कर अपील किया कि सुरक्षा के उपाय अपनाकर ही लोग कोरोना को मात दे सकते हैं. यह ऑडियो संदेश अब मोबाइल के कॉलर ट्यून पर भी उपलब्ध है.

