रांची : झारखंड में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 47 नये मामले सामने आये, इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 722 हो गयी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 200 पहुंचने में डेढ़ महीने का समय लगा, लेकिन 200 से 700 का आंकड़ा पहुंचने में मात्र 17 दिनों का समय लगा और अब पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गढ़वा, हजारीबाग और रामगढ़ जिला भी हॉटस्पॉट के रूप में बनकर सामने आया है.
मंगलवार को अकेले रामगढ़ से 20 मामले सामने आये हैं. इसके अलावा धनबाद से 08, रांची से 06, जमशेदपुर से 05, हजारीबाग से 04, गढ़वा से 01, सरायकेला से 01, बोकारो से 01 और पलामू से 01 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले.
रांची के 6 में से 4 मरीज रिम्स के हैं. बताया गया है कि रिम्स में मिले 4 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में पहला रिम्स के डॉक्टर हैं, दूसरी कोविड वार्ड में ड्यूटी कर रही नर्स, तीसरा संक्रमित हड्डी रोग विभाग का एक मरीज है, और चौथा कोरोना पॉजिटिव ट्रामा सेंटर में भर्ती संदिग्ध है.

