-
देश में एक दिन में सबसे अधिक कोरोना जांच कराने वाला राज्य
रांची: झारखंड में कोविड-19 टेस्ट के लिए सभी जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है . पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच हुई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को फेसबुक पेज पर यह जानकारी देते हुए कहा कि यह शायद देश में एक दिन में किया गया सबसे ज्यादा टेस्ट होगा.
उन्होंने कहा कि अपने सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार हर एक झारखंडी की सेवा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह से कटिबद्ध है. इस तरह टेस्ट लगातार बढ़ेंगे और लोग कोरोना से यह लड़ाई अवश्य जीतेंगे. उन्होंने सभी से फिर से अपील की कि बिना मास्क अपने घरों से लोग ना निकलें.
राज्य में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड तीन हजार दो सौ अठ्ठारह नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले. एक दिन में राज्य में इतनी बड़ी संख्या में पॉजिटिव मरीज मरीज मिलने का यह नया रिकॉर्ड है. इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर इक्कतालीस हजार छह सौ छप्पन हो गयी है.
इस दौरान राज्य में कोरोना संक्रमित सात मरीजों की मौत भी हो गयी. इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर चार सौ सत्रह हो गयी है.
वहीं राज्य में अब तक 27 हजार एक सौ तैतालीस लोग स्वस्थ होकर घर वापस लौट चुके है, जबकि चौदह हजार छियानब्बे संक्रमितों का राज्य के विभिन्न कोविड-19 अस्पताल में इलाज चल रहा है. पिछले चौबीस घंटे में
सबसे अधिक पूर्वी सिंहभूम जिले में 630, रांची में 292, सरायकेला में 227, हजारीबाग में 170, रामगढ़ में 162, धनबाद में 153, गुमला में 147, पलामू में 127, चतरा में 103, लोहरदगा में 98 , लातेहार में 96, गिरिडीह में 77,सिमडेगा में 69 , गढ़वा में 57, जामताड़ा में 49, देवघर में 43, दुमका में 29, खूंटी में 7 और बोकारो में 5 नये संक्रमित मरीज मिले है.
इधर, भारतीय जनता पार्टी,बीजेपी के पांकी के विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता कोरोना पॉजिटिव पाये गये है. मेहता ने 24 अन्य करीबी लोगों के साथ कल कोरोना जांच करायी गयी थी, जिसमें सिर्फ विधायक की ही रिपोर्ट पॉजिटिव आयी, बाकी सभी 24 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आयी. कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद मेहता पांकी विधानसभा क्षेत्र के स्थित सगाली गांव स्थित पैतृक आवास में होम आइसोलेशन में चले गये है.
हजारीबाग जिले के बड़कागांव से कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद भी कोरोना की चपेट में आ गयी हैं. उनका कोरोना टेस्ट रिपोर्ट आज पॉजिटिव आया है. उन्होंने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है. साथ ही उन्होंने अपील की है कि जो लोग भी हाल के दिनों में उनके संपर्क में आये हैं वो खुद को आइसोलेट कर लें.
उधर, बगोदर विधानसभा क्षेत्र के भाकपा-माले विधायक विनोद कुमार सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये है. उन्होंने ट्वीट कर खुद इस आशय की जानकारी दी. इससे पहले बीजेपी विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी कोरोना पॉजिटिव मिले है.

