सुरुर रज़ा,
रांची: झारखंड में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं. राजधानी रांची सहित विभिन्न जिलों से लगातार नये मामले मिल रहे हैं. मरीजों की संख्या बढ़ने पर लोग कोरोना का रोना रो रहे हैं. जगह-जगह इसपर चर्चा कर रहे हैं. कई लोग इस मामले में सरकार को नसीहत भी दे रहे हैं. हालांकि खुद अपनी जिम्मेवारी नहीं समझ रहे हैं. सरकार के निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं. सोशल डिस्टेंसिंग की जगह-जगह धज्जी उड़ा रहे हैं. यह दृश्य हर जगह आम हो गया है.
जीपीओ किया गया सील
सरकार के निर्देश का उल्लंघन होने पर ही रांची जीपीओ के पोस्ट मास्टर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है. इसके बाद जीपीओ को सील कर दिया गया है. उसे सैनिटाइज किया गया. इसकी वजह से फिलहाल वहां कोई भी कामकाज नहीं हो रहा है. इसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है. उन्हें काम कराने के लिए अन्य पोस्ट ऑफिस में जाना पड़ रहा है. बता दें कि डाकघर कर्मी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 48 घंटे के लिए मुख्य डाकघर को सील कर दिया गया था.
सबक नहीं ले रहे हैं लोग
हालात बिगड़ते जाने के बाद भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं. रांची के डोरंडा स्थित पोस्ट ऑफिस की स्थिति बहुत ही डरावनी है. यहां लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं. सभी एक दूसरे से सट कर खड़े रहते हैं. कहीं न कहीं इससे कोरोना संक्रमण का डर और बढ़ जाता है. यह छोटी सी लापरवाही लोगों की जान ले सकती है.
जीपीओ बंद होने पर बढ़ी भीड़
डोरंडा पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर आर के वर्मा ने कहा कि जीपीओ के बंद होने के बाद यहां भीड़ हो रही है. पोस्ट ऑफिस में संक्रमण से बचने के लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. चाहे वह सैनिटाइजर हो या थर्मल मशीन. लोगों से बार-बार सरकार के निर्देश का पालन करने की अपील की जा रही है. फिर भी, लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं.
लोगों को सचेत होना होगा
पोस्टर मास्टर ने साफ तौर से कहा कि हर जगह पुलिस को खड़ा करके डंडा नहीं चलाया जा सकता है. लोगों को खुद सचेत होना होगा, क्योंकि झारखंड में कोरोना लगातार पांव पसार रहा है. लोग नियम का पालन नहीं कर दूसरों को संक्रमित भी कर रहे हैंं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो भी लोग किसी भी तरह के काम के लिए डोरंडा पोस्ट आफिस आते हैं, तो वे जरूर गाइडलाइंस का पालन करें. खास तौर से मास्क, ग्लब्स पहने ओर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.


