रांची: 15 सितंबर से शुरू हो रहे कार्बन झारखंड T20 लीग पर कोरोना का काला साया मंडराता हुआ दिख रहा है. खबर मिल रही है कि दुमका डेयरडेविल्स टीम में शामिल दो क्रिकेटरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. दोनों ने पूर्वी सिंहभूम में अपनी जांच कराई थी. जानकारी के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में लगभग 20 चयनित खिलाड़ियों ने एक ही जांच सेंटर में कोरोना जांच कराई थी. इसमें से दुमका डेयरडेविल्स के दो खिलाड़ियों के पॉजिटिव होने की पुष्टि हो गई है.
बात दें कि JSCA ने लीग में भाग लेनेवाले खिलाड़ियों की कोरोना जांच अनिवार्य कर दी थी, इसी के बाद सभी क्रिकेटर कोरोना जांच करा रहे हैं. आयोजन कमिटी ने सभी खिलाड़ियों-कोच को अपनी कोरोना रिपोर्ट मेल करने का आदेश दिया है.
4 अन्य खिलाड़ी भी कोरोना पॉजिटिव ! पुष्टि का इंतजार
जमशेदपुर में जांच कराने वाले चार अन्य क्रिकेटरों के भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबरें आ रही हैं लेकिन अभी तक पुष्टि नहीं हो पायी है. अगर ऐसा हुआ तो 6 खिलाड़ी कोरोना की चपेट में आने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो जाएंगे.
T20 लीग के लिए जेएससीए ने 6 टीमों के लिए 96 क्रिकेटरों के नामों की घोषणा की थी लेकिन स्टैंडबाई के लिए एक भी क्रिकेटर के नाम की घोषणा नहीं की गई थी.

