नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरु हुई कोरोना महामारी पिछले साल की शुरुआत में दुनियाभर में फैल गई थी. जिस वजह से करोड़ों लोग इसकी चपेट में आए. आमतौर पर जब कोई बीमार पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती होता है, तो उसके करीबी लोग मिलकर हौसला बढ़ाते हैं, लेकिन कोरोना के मामले में हालात एकदम अलग हैं, जहां मरीज को डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अकेले अस्पताल में रहना पड़ता है. जिस वजह से वो मानसिक रूप से ज्यादा कमजोर हो जाता है. ऐसे ही हालात से निपटने के लिए ब्राजील की नर्स ने अनोखा रास्ता निकाला. जिसकी जमकर सराहना हो रही है.
दरअसल कोरोना से बुरी तरह प्रभावित ब्राजील में एक शख्स को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. कोविड आइसोलेशन वार्ड में वो शख्स काफी अकेला महसूस कर रहा था, जिस पर नर्स ने एक नायाब तरीका निकाला, जहां उसने दो डिस्पोजेबल ग्लव्स लिए फिर उसमें गर्म पानी भर दिया. इसके बाद उसे मरीज के हाथों पर बांध दिया. इसका मकसद मरीज को प्यार भरा स्पर्श दिलाना था. वहीं अस्पताल में मौजूद उसके कुछ साथियों ने इसकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी.
सोशल मीडिया यूजर्स ग्लव्स वाले जुगाड़ को ‘The hand of God’ कह रहे हैं. साथ ही इतने मुश्किल हालात में भी मरीज का इतना ज्यादा ध्यान रखना लोगों के दिलों को छू गया. ट्विटर पर सुगंधा नाम की यूजर ने लिखा कि ये प्यार भरा एहसास है. इस सबसे हमको सीख लेनी चाहिए. भारत में भी रोजाना मामले तेजी से बढ़ रहे, ऐसे में लोगों को लापरवाही की जगह मास्क और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए.

