बेंगलुरु : एक बार फिर से देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इस वक्त महाराष्ट्र ऐसा राज्य है जो सबसे ज्यादा संक्रमित है, लेकिन इस संक्रमण के जाल में कर्नाटक भी बुरी तरह फंसा हुआ है. कर्नाटक भी ऐसे राज्य में शामिल है जहां पर कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है. आलम यह है कि कोरोना के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक बार फिर से सख्ती बरती जा रही है. अब कर्नाटक सरकार ने संक्रमण को रोकने के लिए नया निर्णय लिया है. इस राज्य में अन्य राज्यों से पहुंचने वाले लोगों को कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य होगा.
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने गुरुवार को जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए किसी भी राज्य से राजधानी बेंगलुरु आने वाले लोगों को आरटी-पीसीआर टेस्ट लेना जरूरी होगा. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इसमें केरल, महाराष्ट्र, पंजाब, चंडीगढ़ और अन्य राज्य भी शामिल है. बता दें कर्नाटक समेत इन चार राज्यों में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है.

