नई दिल्ली: कोरोना वायरस का कहर थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है. आए दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है.
इसी बीच देशभर में कोरोना टेस्ट को लेकर उठाए जा रहे सवाल पर आईसीएमआर ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटे में 7.31 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया है. नए टेस्टिंग के बाद देशभर में अब तक 3 करोड़ से अधिक लोगों ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया.
देशभर में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है. भारत में कोरोना से 26,47,316 लोग संक्रमित हो चुके हैं. वहीं इस वायरस की चपेट में आने से अब तक 51,045 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.
हालांकि राहत की बात ये है कि19,18,076 इस वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं. देश में कोरोना को मात देकर ठीक होने वालों की संख्या सक्रिय मामलों की संख्या से अधिक है. सक्रिय मामलों की कुल संख्या 6,77,689 है.

