दिल्ली: भारत में कोरोना की स्थिति भयावह होती जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में देशभर में कोरोना के एक लाख से अधिक केस सामने आए हैं. यह किसी एक दिन में कोरोना मरीजों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है.
जानकारी के मुताबिक, बीते 24 घंंटों में देश में 1,03,558 नए केस आए हैं. इससे पहले सितंबर 2020 में 97,894 केस सामने आए थे. इसके साथ ही देश में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा 1,25,89,067 (1.25 करोड़ से अधिक) पहुंच गया है. कोरोने के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश, केरल शामिल हैं.
वहीं बीते 24 घंटों में 478 मरीजों की मौत हुई है. इस दौरान कुल 52,847 मरीज ठीक हुए हैं. अभी देशभर में 7,41,830 एक्टिव केस हैं. यानी इतने मरीजों का या तो अस्पतालों में इलाज चल रहा है या होम क्वारंटाइन हैं. देश में कोरोना से अब तक मरने वालों का आंकड़ा 1,65,101 पहुंच गया है.
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में समेत समूचे महाराष्ट्र में हालात खराब हैं. रविवार को मुंबई में 11,163 नए कोरोनो वायरस मरीज सामने आए. मुंबई में एक दिन में सर्वाधिक मामलों का यह रिकॉर्ड है. इस तरह मुंबई में अब तक कुल 4,52,445 कोरोना मरीज सामने आ चुके हैं. बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने एक बयान में कहा, 25 मरीजों की मौत के साथ महानगर में मृतक संख्या 11,776 तक पहुंच गई.
इससे पहले रविवार को देश में 93 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और पांच सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई. सक्रिय मामले भी सात लाख के करीब पहुंच गए थे.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक रविवार को 93,249 नए मामले पाए गए, जिनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 49,447, छत्तीसगढ़ में 5,818 और कर्नाटक में 4373 मामले हैं.
इस दौरान 60,048 और मरीज संक्रमण से मुक्त हुए और 513 लोगों की मौत हो गई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 277, पंजाब में 49, छत्तीसगढ़ में 36, कर्नाटक में 19, मध्य प्रदेश में 15 और उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में 14-14 मौतें शामिल हैं. दो हफ्ते पहले तक महाराष्ट्र को छोड़कर अन्य राज्यों में दैनिक मृतकों का आंकड़ा 10 से नीचे पहुंच गया था.

