दिल्ली: भारत में कुल कोरोना वायरस मामलों की संख्या आज बढ़कर 6,25,544 हो गई है. पिछले 24 घंटों में देश में COVID-19 के कुल 20,903 नए मामले सामने आये, जो अबतक का सबसे बड़ा एकदिवसीय आंकड़ा है. हालांकि देश में रिकवरी दर में भी रिकॉर्ड उछाल आया है. अबतक 3,79,891 मरीज रिकवर हुए हैं. पिछले 24 घंटों में 20,032 रोगियों को ठीक किया गया, जो अब तक की रिकवरी का सबसे बड़ा एकदिवसीय आंकड़ा है. इन नए आंकड़ों के साथ देश में रिकवरी दर 60.72 फीसदी हो गई है. देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18,213 हो गई, जिसमें 24 घंटे में 379 मौतें हुईं.
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में देश में 2,27,439 एक्टिव कोरोना वायरस मामले हैं और रिकवर मरीजों और एक्टिव मामलों के बीच अंतर अब 1,52,452 हो गया है. इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने गुरुवार को बताया कि देश भर की लैब्स द्वारा 1 जुलाई तक 90 लाख से अधिक COVID-19 टेस्ट किए गए, इसके अलावा, पिछले 24 घंटों में 2,29,588 नमूनों का परीक्षण किया गया.
भारत में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस के मामले महाराष्ट्र में हैं. राज्य में 186626 मरीज हैं, जबकि मौत का आंकड़ा 8100 के पार पहुंच चुका है. दूसरे स्थान पर तमिलनाडु है, जहां कुल 98392 मामले और 1321 मौतें हैं. देश की राजधानी राजधानी दिल्ली तीसरे स्थान पर है, जहां कुल 92175 मामले हैं और मरने वालों की संख्या 2864 है. इसके अलावा गुजरात में 33999, उत्तर प्रदेश में 24825 पश्चिम बंगाल में 19819 और राजस्थान में 18662 मामले हैं.
दुनियाभर में कोरोना वायरस के 10,990,249 मामले हैं और 524,176 मौतें हुई हैं. सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका में 2,837,189 मामले और 131,485 मौतें हुई हैं. दूसरे स्थान पर ब्राज़ील है जहां 2,837,189 मामले और 61,990 मौतें हुई हैं. तीसरे स्थान पर रूस बना हुआ है, जहां 661,165 मामले और 9,683 लोगों की मौत हुई है. भारत इस सूचि में चौथे स्थान पर है.

