दिल्ली: देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमितों की कुल संख्या 99 लाख के पार पहुंच गई है, जबकि राहत की बात यह है कि इस वायरस से निजात पाने वालों की संख्या भी 94 लाख से अधिक हो गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय को विभिन्न राज्यों से मंगलवार तक प्राप्त रिपोर्टाें के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 22,065 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 99,06,165 पहुंच गयी जबकि इस अवधि में संक्रमण से निजात पाने वाले लोगों की संख्या 34,477 और बढ़कर 94,22,636 हो गयी है.
वहीं, 354 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,43,709 हो गई. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अभी 3,39,820 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है और 94,22,636 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं.
देश में इस दौरान कोविड-19 से 354 और मौतें होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 1,43,710 हो गई है. देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राहत की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में वृद्धि होने से रिकवरी रेट में आंशिक वृद्धि हुई और अब यह 95.10 प्रतिशत पहुंच गयी है. इसी अवधि में सक्रिय मामलों की संख्या में लगभग 13 हजार और कमी आने से ऐसे मामले अब 3,39,820 रह गये हैं. देश में सक्रिय मामलों की दर 3.44 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.45 फीसदी पर बनी हुई है.
कोरोना महामारी से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में कोरोना के सक्रिय मामलों में 1,721 की गिरावट दर्ज की गयी और अब सक्रिय मामलों की संख्या घट कर 72,383 रह गयी है. राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 2,949 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18,83,365 पहुंच गयी है. इसी अवधि में 4,610 और मरीजों के स्वस्थ होने से इस संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 17,61,615 हो गयी है तथा 60 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 48,269 हो गया है.

