दिल्ली: भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की वजह से 482 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, जबकि 36,011 नए मामले सामने आए हैं. भारत में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या अब 96,44,222 पहुंच गई है. फिलहाल देश में कोरोना वायरस के 4,03,248 एक्टिव मामले हैं.
पिछले 24 घंटे में 41,970 लोगों ने कोरोना वायरस को मात दी है. भारत में अब तक 91,00792 लोग कोरोना वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं. कोरोना वायरस की वजह से देश में अब तक 1,40,182 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है.
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कोरोना वायरस के मामलों की जानकारी मुहैया करवाई गई है. मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि देश में रिकवरी रेट अब बढ़कर 94.36 फीसदी हो गया है, जबकि मृत्यु दर 1.45 फीसदी है.
भारत में करीब 136 दिन के बाद पहली बार एक्टिव मामलों की संख्या 4.10 लाख से कम हुई है. इससे पहले 22 जुलाई को देश में 4.11 लाख एक्टिव मामले थे. पिछले 8 दिनों से रिकवरी रेट नए मामलों की तुलना में ज्यादा बना हुआ है.

