दिल्ली: देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 37,148 कोरोना संक्रमित मिले हैं और इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 11,55,191 हो गई. इसमें 4,02,529 मामले सक्रिय हैं.
इस दौरान 587 लोगों की मौत हो गई और मृतकों की संख्या बढ़कर 28084 हो गई है. अब तक 7,24,578 मरीज कोरोना को हरा चुके हैं. देश में कोरोना संक्रमण बढ़ने की रफ्तार अब अमेरिका और ब्राजील जैसी होती जा रही है.
गौरतलब है कि बिहार में गुरुवार से दोबारा लॉकडाउन है. राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए कई पाबंदियां लगाई हैं. धार्मिक स्थल भी बंद रहेंगे. भीड़भाड़ वाले तमाम आयोजनों पर पूरे महीने रोक रहेगी.
बाजार से लेकर पार्क तक नहीं खुलेंगे. बस सेवाओं को भी बंद कर दिया गया है. सिर्फ जरूरी काम से ही लोग आ जा सकते हैं. लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है.
राज्य 16 से 31 जुलाई तक लॉकडाउन लगाया गया है. राज्य, जिला, अनुमंडल और ब्लॉक मुख्यालय के अलावा सभी नगर निकायों में यह प्रभावी है.
लॉकडाउन -5 के दौरान धार्मिक स्थलों और पार्कों को पूरी तरह बंद रखने के आदेश दिए गए हैं. धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, मनोरंजन और खेल-कूद समेत तमाम भीड़भाड़ वाले आयोजन नहीं होंगे.

