नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है. हर दिन कोरोना के नए मरीजों की संख्या 50 हजार के करीब पहुंच रही है.
पिछले 24 घंटे की बात करें को कोरोना के नए मरीजों की संख्या एक बार फिर 49 हजार के के करीब पहुंच गई. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को देश में कोरोना के 48,661 मामले सामने आए, जबकि 705 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी.
देश में अब तक कोरोना के 13 लाख 85 हजार 522 कंफर्म केस हो चुके हैं. वहीं इससे पहले शुक्रवार को देश भर में कोरोना के 48,916 नए मामले सामने आए थे, जबकि 757 मरीजों की मौत हो गई थी.
स्वास्थ्य मंंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के अब 4 लाख 67 हजार 882 एक्टिव केस हैं. कोरोना महामारी से अब तक 32 हजार 063 मरीजों की मौत हुई है.
वहीं, 8 लाख 85 हजार 576 लोग ठीक हो चुके हैं और एक विदेशी लौट चुका है. कोरोना मरीजों का रिकवरी रेट 63.50% हो गया है. दुनिया भर में भारत कोरोना संक्रमण के मामले में तीसरे स्थान पर पहुंच चुका है.
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 9,251 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है वहीं संक्रमण से इस अवधि में 257 लोगों की मौत हुई है.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अभी तक कुल 3,66,368 लोगों के शनिवार तक कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. उनका कहना है कि पिछले 24 घंटे में हुई 257 मौतों के साथ ही राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13,389 हो गई है.
राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 1,142 नए मामले आने के साथ ही शहर में अभी तक 1.29 लाख से ज्यादा लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण से अभी तक 3,806 लोग के मरने की सूचना है.
इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन ने कहा कि दिल्ली में कोविड-19 के रोज नए मामले आने की दर करीब पांच प्रतिशत है. स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, नए मामले आने का दर 5.5 प्रतिशत था जो शुक्रवार को कुछ कम होकर 5.3 प्रतिशत रह गया.
वहीं शनिवार को लोगों के संक्रमण मुक्त होने का दर 87 प्रतिशत था. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 29 रोगियों की मौत हुई है.

