नई दिल्ली: कोरोना वायरस का संक्रमण भारत में तेजी से बढ़ता जा रहा है. बीते 24 घंटे में इस महामारी के 55,079 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, COVID-19 के कारण बीते 24 घंटे में 876 मरीजों की जान चली गई.
भारत में अगर कोरोना के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक कुल 27,02,743 मामले हो चुके हैं. इनमें से 6,73,166 एक्टिव केस हैं. साथ ही कुल 19,77,780 मरीज या तो इस महामारी से उबर चुके हैं या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है. वहीं, अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण 51,797 मरीजों की जान चली गई है.
आईसीएमआर के अनुसार, देश में 16 अगस्त तक 3,00,41,400 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से रविवार को ही 7,31,697 नमूनों की जांच हुई.
आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 941 और लोगों की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 50,921 हो गई. हालांकि, वायरस से मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.92 प्रतिशत हो गई है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक राजस्थान में 876, पंजाब में 812, तेलंगाना में 703, जम्मू-कश्मीर में 542, हरियाणा में 538, बिहार में 461, ओडिशा में 343, झारखंड में 244, असम में 189, केरल में 156 और उत्तराखंड में 152 लोगों की जान कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से गई.
छत्तीसगढ़ में 141, पुडुचेरी में 110, गोवा में 104, त्रिपुरा में 59, चंडीगढ़ में 29, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 28, हिमाचल प्रदेश में 19, मणिपुर में 16, लद्दाख में 14, नगालैंड में आठ, मेघालय में छह, अरुणाचल प्रदेश में पांच, दादरा एवं नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो तथा सिक्किम में एक मरीज की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण के कारण मरने वाले 70 प्रतिशत से अधिक लोगों को पहले से कोई बीमारी थी. इसने कहा कि उसके आंकड़े भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों से मिलाए जा रहे हैं.

