दिल्ली: कोरोना वायरस भारत में तेजी से बढ़ रहा है और संक्रमण के रोजाना नए रिकॉर्ड बन रहे हैं. भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,28,859 पहुंच गई है. जिनमें से 16,095 लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि भारत में इलाज के बाद तीन लाख 9 हजार 713 मरीज ठीक हो चुके हैं. यहां अभी भी दो लाख 3 हजार 51 लोग कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले चौबीस घंटों में एक दिन में आने वाले संक्रमण के मामलों का रिकॉर्ड टूट गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 19,906 नए मामले सामने आए है. और 410 लोगों की जान गई है.
दुनियाभर में कोरोना वायरस का संक्रमण अब और तेजी से फैल रहा है. जिन देशों में संक्रमण नए मामले सबसे अधिक आ रहे हैं उनमें भारत, अमेरिका, ब्राजील, रूस और मैक्सिको शामिल हैं. इन सभी देशों में कोरोना संक्रमण के रोजाना कई हजार मामले सामने आ रहे हैं. हालांकि गनीमत ये है कि मृत्यु दर में पहले की तुलना में काफी गिरावट आई है. पूरी दुनिया में अब तक एक करोड़ 80 हजार 224 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. जिनमें से पांच लाख एक हजार 262 लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि दुनियाभर में अब तक 54 लाख 57 हजार 945 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं. लेकिन अभी भी 41 लाख 21 हजार 17 लोग कोरोना वायरस से पीड़ित हैं.
पिछले चौबीस घंटों के दौरान दुनियाभर में कोरोना संक्रमण के करीब एक लाख 82 हजार नए मामले सामने आए हैं. वहीं इस दौरान करीब 4600 लोगों की मौत भी हुई है. कोरोना संक्रमण और उससे होने वाली मौतों के मामले में अमेरिका अभी भी शीर्ष पर बना हुआ है. अमेरिका में अब तक 25 लाख 96 हजार 537 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं. इनमें से एक लाख 28 हजार 152 लोगों की मौत हो चुुकी है. हालांकि इलाज के बाद 10 लाख 81 हजार 437 मरीज ठीक भी हुए हैं. यहां अभी भी 13 लाख 86 हजार 948 लोग कोविड-19 का दंश झेल रहे हैं.

