नई दिल्ली: देशभर में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढती जा रही है. पिछले कुछ दिनों से रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में कोरोना को लेकर चिंता और गहरी हो जाती है.
भारत में कोरोना के ताजा अपडेट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में एक बार फिर रिकॉर्ड 24,879 केस सामने आए हैं. इसके अलावा 487 लोगों की मौत भी हुई है.
ऐसे में देशभर में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 7,67,296 हो गए हैं. इस समय 2,69,789 ऐक्टिव केस हैं और अब तक 4,76,378 लोग ठीक हो चुके हैं. इसके अलावा खतरनाक वायरस ने 21,129 लोगों की जान ली है. ये जानकारी गुरुवार को स्वास्थ कल्याण एवं परिवार मंत्रालय ने दी है.
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी बढ़कर 61.5 प्रतिशत हो गयी है. मंत्रालय ने सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों में यह जानकारी दी.
संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य के अस्पतालों में आईसीयू में तैनात डॉक्टरों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए यहां स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा लेने का फैसला किया है. ऐसा मृत्यु दर को कम करने के प्रयास के तहत किया गया है.

