अमेरिका: दुनिया में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमितों का आंकड़ा 1.95 करोड़ को पार कर गया. वहीं अब तक कुल 7.24 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी में अपनी जान गंवा चुके हैं. लेटिन अमेरिकी देश ब्राजील में दो माह बाद भी हालात बेकाबू हैं. यहां मरने वालों की संख्या एक लाख के करीब पहुंच चुकी है जबकि कुल संक्रमित 29.67 लाख के पार हैं.
ब्राजील में पिछले 24 घंटे में 50,000 से ज्यादा संक्रमण के नए मामले दर्ज हुए हैं. यहां लापरवाही को संक्रमण फैलने की मुख्य वजह माना जा रहा है. यहां अब भी लोग न तो नियमों का पालन कर रहे हैं और न ही डब्ल्यूएचओ की चेतावनी को गंभीरता से ले रहे हैं.
उधर, लेटिन अमेरिकी देश मेक्सिको, पेरु, चिली व कोलंबिया में भी हालात काबू से बाहर हैं. मेक्सिको में 24 घंटों मे संक्रमण से 794 मौतें हुईं जबकि नए मामले 6,717 आए. देश में अब तक 51 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं. जबकि पेरु में यह आंकड़ा 20 हजार को पार कर गया है. अमेरिका में अब तक 1.64 लाख से ज्यादा लोग महामारी में मारे गए हैं जबकि कुल 50.97 लाख से ज्यादा संक्रमित पाए गए हैं.

