दिल्ली: केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को कोरोना वैक्सीन पर हो रही सियासत को लेकर विपक्ष पर हमला किया है. इसके अलावा मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि हमने हज़ 2021 की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि वैक्सीन पर सियासी वैक्सीन चढ़ाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. ये सियासी सूरमा की सनकी सोच का नतीजा है कि वैक्सीन पर भी ये सियासी रैक्सीन लगाने की कोशिश कर रहे हैं. आपने लोगों में भ्रम पैदा करने का ठेका ले रखा है.
इसके अलावा मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हमने हज 2021 की तैयारियां शुरू कर दी हैं. भारत पहला ऐसा देश होगा जिसने 100 प्रतिशत डिजिटल हज की व्यवस्था की है. हज यात्रियों को कोरोना की वैक्सीन लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी. अब तक हजारों आवेदन आए हैं. जिसमें 50 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं. और 700 से ज्यादा महिलाओं ने मेहरम कैटगरी (पुरूष सहयोगी के साथ) के तहत आवेदन दिया है.

