तोक्यो: कोरोना वायरस महामारी के कारण तोक्यो ओलंपिक खेलों के कार्यक्रम में बदलाव के दबाव के बावजूद जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने शनिवार (14 मार्च) को कहा कि इनका आयोजन योजना के अनुसार ही होगा. दुनिया भर में 1,40,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और इससे 5,400 लोगों की मौत हो गई है.
लेकिन आबे ने कहा कि इस वायरस के कारण ‘आपात स्थिति’ घोषित करने की उनकी कोई इच्छा नहीं है और उन्होंने कहा कि जापान योजना के अनुसार ही जुलाई में इन खेलों की मेजबानी करेगा. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो दिन पहले सुझाव दिया था कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए इन खेलों को एक साल के लिए स्थगित कर देना चाहिए.
ALSO READ THIS: 14 दिन के लिए निगरानी में रखे जाएंगे ईरान से दिल्ली पहुंचे 234 भारतीय
आबे ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “हम संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत करने के बाद ही जवाब देंगे जिसमें अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति शामिल है.” उन्होंने कहा, “हम इस संक्रमण पर काबू पाकर बिना किसी परेशानी के योजना के अनुसार ओलंपिक का आयोजन करना चाहते हैं.”
आयोजकों, जापान सरकार के अधिकारियों और आईओसी ने कहा कि तैयारियां सही चल रही हैं और इन्हें स्थगित या रद्द नहीं किया जाएगा. ट्रंप के सुझाव के बाद शुक्रवार (13 मार्च) को आबे ने उनसे फोन पर बात की, लेकिन इसमें उन्होंने इनके स्थगित करने पर कोई चर्चा नहीं की. जापान में 700 से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 21 लोगों की मौत हो चुकी है.

