लखनऊ: कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है, इस बीच उत्तर प्रदेश की योगी सरकार कोरोना वारियर्स डॉक्टरों को बड़ा तोहफा देने जा रही है. प्रदेश सरकार कोरोना वायरस के खिलाफ अपनी जान की बाजी लगाकर ड्यूटी करने वाले कोरोना योद्धाओं का उत्साह बढ़ाने जा रही है. इसके लिए सरकार डॉक्टरों को प्रोत्साहन राशि देगी.
सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तथा डाक्टरों की कमी के चलते इन योद्धाओं को प्रोत्साहित करने की यह योजना बनाई है. योजना के तहत राज्य के अलग-अलग विभागों से आकर कोरोना की ड्यूटी करने वाले डाक्टरों को प्रोत्साहन राशि के अलावा सरकार बीमा की सुविधा भी प्रदान करेगी.
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर इस बाबत दिशा-निर्देश दिए हैं. पत्र के बाद एनेस्थेटिक्स, नेफ्रोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, चेस्ट फीजिशियन, स्त्री एवं बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से पंजीयन कराने को कहा है. इसके बाद इन चिकित्सकों को कोविड ड्यूटी करने पर 75 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.

