दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच लॉकडाउन को लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है. ऐसे वक्त में एक स्टडी ऐसी आई है जिससे देशवासियों को खुशी मिल सकती है.
सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नॉलजी एंड डिजाइन (SUTD) ने गणितीय मॉडल के जरिए बताया है कि अलग-अलग देशों में कोविड-19 महामारी कब खत्म होगी. इसमें भारत का भी जिक्र है. स्टडी के मुताबिक भारत में 24 मई तक कोरोना वायरस के 97 फीसदी मामले खत्म हो जाएंगे.
24 मई तक भारत पा लेगा काबू
अगर वैज्ञानिकों की ये भविष्यवाणी सही साबित हुई तो भारत में मई बीतते-बीतते सुखद परिणाम देखने को मिल सकते हैं. SUTD की इस स्टडी के मुताबिक भारत में 24 मई को बड़ी राहत की खबर मिल सकती है.
स्टडी बताती है कि 24 मई तक भारत में कोरोना वायरस 97 प्रतिशत तक खत्म हो जाएगा. 20 जून तक यह 99 प्रतिशत खत्म हो जाएगा. इसे पूरी तरह खत्म होने में 31 जुलाई तक का वक्त लगेगा.
26 नवंबर को दुनिया कोरोना संकट से उबर जाएगा
सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नॉलजी एंड डिजाइन की स्टडी में बताया गया है 29 मई तक वैश्विक स्तर पर कोरोनावायरस 97 प्रतिशत तक खत्म हो जाएगा. इसके बाद बचे वायरस भी धीर-धीरे खत्म होने लगेंगे और 15 जून तक दुनिया में कोरोना वायरस 99 प्रतिशत तक खत्म हो जाएगा. 26 नवंबर को पूरी दुनिया इस वायरस के खतरे से उबर जाएगी.
अमेरिका में सितंबर में खत्म होगा कोरोगा
कोरोना की सबसे ज्यादा मार झेल रहे अमेरिका में इसे खत्म होने में वक्त लगेगा. स्टडी के मुताबिक 14 मई तक अमेरिका में 97 प्रतिशत कोरोना वायरस खत्म हो सकता है. 26 मई तक 99 प्रतिशत और 4 सितंबर तक अमेरिका से इस खतरनाक वायरस की पूरी तरह विदाई होने का अनुमान है.
कैसे की गई स्टडी
सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नॉलजी एंड डिजाइन ने गणितीय मॉडल के जरिए ये स्टडी की है. इसमें कोरोनावायरस के लाइफ़ साइकल का इस्तेमाल करते हुए मॉडल तैयार किया गया. उसी आधार पर भविष्यवाणी की गई. स्टडी में रिसर्चरों ने संबंधित देशों में महामारी को रोकने के लिए उठाए गए कदमों का मूल्यांकन करते हुए भविष्यवाणी की है.
अभी देश में तेजी से फैल रहा है कोरोना
भारत में 17 मार्च को कोरोनावायरस का डेली ग्रोथ रेट 16.1 प्रतिशत थी. 23 मार्च को यानी लॉकडाउन से एक दिन पहले यह अबतक के सबसे उच्च स्तर 24.8 प्रतिशत पर पहुंच गया.
हालांकि, लॉकडाउन के बाद कोरोना का ग्रोथ रेट गिरा, लेकिन मार्च के आखिरी और अप्रैल के शुरुआती दिनों में तब फिर तेज़ी से बढ़ने लगा. अप्रैल के पहले हफ्ते के बाद से कोरोना का ग्रोथ रेट कुछ अपवादों को छोड़कर लगातार गिर रहा है जो 26 अप्रैल को यानी रविवार को 7.8 प्रतिशत पर पहुंच गया.
अनुमान के मुताबिक ग्रोथ रेट जब तक 1 फीसदी के के नीचे नहीं आएगा तब तक हालात में तेजी से बदलाव नहीं आएंगे.

