रांची: राजधानी रांची में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन का पूरा जोर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर है.
गुरुवार की दोपहर एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे. इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वह बिना मास्क के किसी को प्रवेश ना दें. अपना सामान ना भेजें.
एसएसपी ने अपने निरीक्षण के दौरान बिना मास्क दिखे लोगों को जमकर फटकार लगाई. कहा कि कुछ लोगों की गलती की वजह से दूसरे लोगों को परेशानी हो रही है.
एसएसपी के साथ पुलिस के आला अधिकारियों की टीम भी थी. पुलिस के फ्लैग मार्च से लोगों को हालात की गंभीरता का अंदाजा होता नजर आया. आम दुकानदारों व लोगों ने इस पहल की सराहना की.
इससे पहले कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने पुलिस लाइन में आपात बैठक कर पुलिस कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्दश दिए. इस बैठक में सभी थानेदार शामिल हुए.

