पटना: बिहार बीजेपी में कोरोना का महाविस्फोट हुआ है. एक साथ पार्टी के 75 नेता कोरोना पॉजिटिव पाए गए है. इस खबर ने प्रदेश पार्टी नेताओं को हिलाकर रख दिया है. लेकिन इतने बड़े पैमाने पर पार्टी के नेताओं के संक्रमित होने का कारण शादी का लड्डू खाने का कारण बताया जा रहा है.
पार्टी नेताओँ की माने तो पार्टी प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह की शादी सालगिरह का लड्डू खाने से इतने बड़े पैमाने पर पार्टी नेता संक्रमित हुए है.
8 जुलाई को बिहार बीजेपी के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने क्षेत्रीय बैठक बुलायी थी. उसी दिन अरविन्द कुमार सिंह की शादी की सालगिरह था. ऐसे में उनसे पार्टी नेताओँ ने बधाई देते हए मिठाई खाने की इच्छा जतायी. जिसपर अरविन्द सिंह ने लड्डू मंगवाकर अपने ही हाथों से सभी को खिला दिया.
उसके अगले दिन अरविन्द कुमार सिंह का कोरोना टेस्ट हुआ तो वो पॉजिटिव पाए गए . इस खबर के बाद क्षेत्रीय बैठक में मौजूद पार्टी नेताओं में हड़कंप मच गया. करीब 100 लोगों का सैंपल जांच के लिए लिया गया जिसमें 75 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है.
दूसरा शक यह भी जताया जा रहा हैं कि8 जुलाई को क्षेत्रीय बैठक में महादलित प्रकोष्ठ के संयोजक संजय राम पहुंचे थे. संजय राम की तबीयत लगातार खराब चल रही थी. वह बैठक में शामिल तो हुए ही साथ ही घूम-घूम कर बीजेपी कार्यालय में सभी नेताओं से मिले भी.
अगले ही दिन जब उनका कोरोना टेस्ट हुआ तो वह भी पॉजिटिव पाए गए. उनकी तबीयत इतनी खराब हो गई कि पटना एम्स में उनको भर्ती कराया गया. अब बीजेपी के नेता इस बात से भी दहशत में है कि कहीं संजय राम ने तो उन्हें संक्रमित नहीं कर दिया.

