नई दिल्ली: रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की तरफ से कोविड-19 नाम की इस महामारी की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या तीन हजार पर पहुंच चुकी है, जबकि पूरे विश्व में 88 हजार से ज्यादा लोग इस जानलेवा वायरस के प्रभाव से संक्रमित पाए जा चुके हैं.
अमेरिका में हुई 2 की मौत
अमेरिका में कोरोनावायरस से दो लोगों की मौत हो गई है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार शाम को इसकी पुष्टि की है. अधिकारियों ने बताया कि 70 साल के एक व्यक्ति की शनिवार को किर्कलैंड के एवरग्रीनहेल्थ अस्पताल में मृत्यु हो गई.
इटली में फंसे भारतीय छात्रों ने सरकार को भेजा SOS मैसेज
रिपोर्ट के अनुसार, पाविया में फंसे 85 भारतीयों में से 25 तेलंगाना, 20 कर्नाटक, 15 तमिलनाडु, चार केरल, दो दिल्ली और एक-एक राजस्थान, गुड़गांव और देहरादून के हैं। इनमें से लगभग 65 इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं. इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन के छात्र पुरुषोत्तम कुमार मधु जो 10 मार्च को भारत वापस आने वाले हैं उन्हें इस बात को लेकर अनिश्चितता है कि फ्लाइट उड़ान भरेगी या नहीं. उन्होंने कहा, ‘मुझे बताया गया है कि खाड़ी से होकर जाने वाली ज्यादातर फ्लाइ्ट रद्द हो गई हैं. भारत पहुंचने पर भारतीयों को 10-15 दिनों के लिए हवाई अड्डे पर क्वारेनटाइन किया जा रहा है जो चिंता का विषय है.’
विजिट नेपाल से जुड़ी गतिविधियों को रोका गया
नेपाल ने विजिट नेपाल ईयर 2020 से जुड़ी सभी गतिविधियों को अस्थाई रूप से रोकने का फैसला किया है. इन्हें विदेशों में पर्यटकों को लुभाने के लिए किया जा रहा था। इन्हें शुरू करने की तारीख बाद में घोषित होगी.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा किसी भी दिशा में जा सकता है वायरस
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोना विश्व में सबसे अधिक जोखिम वाले स्तर पर पहुंच गया है और अब ये किसी भी दिशा में जा सकता है.

