केंद्र से भेजे गए विकास के पैसे का हिसाब दे राज्य सरकार
रांची: झारखंड भाजपा के नवनियुक्त सह प्रभारी डॉ. सुभाष सरकार अपने दो दिवसीय दौरे पर कल देर शाम रांची पहुंचे. आज प्रदेश कार्यालय में उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों, सात मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर पार्टी की सांगठनिक एवं राज्य सरकार की विफलताओं पर विस्तार से चर्चा की.
बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए डॉ. सरकार ने झारखंड सरकार पर कड़ा हमला बोला.
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है. बिचौलिये हावी है. इनके माध्यम से लूट का पैसा सरकार में शामिल लोगों तक पहुंच रहा है.
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास योजनाओं के लिये राज्य को पैसे की कमी नहीं होने दी है. परंतु यह सरकार पैसे का बहाना बनाते रहती है. राज्य सरकार को केंद्र से भेजी गई राशि का हिसाब देना चाहिये. उन्होंने कहा कि यह सरकार उपयोगिता प्रमाणपत्र भी नहीं दे पाती.
डॉ. सरकार ने कहा कि कोरोना के बाद अनेक राज्य सरकारें विकास कार्यों को गति देने में जुट गई हैं. कोरोना के कारण दो तीन माह विकास बाधित हुए है, परंतु झारखंड सरकार अपनी नाकामियों के लिये बहाने ढूंढती है.
उन्होंने कहा कि राज्य में खनिज संपदा की लूट मची है. सरकार ने धान की खरीद पर रोक लगाकर किसानों को धोखा दिया है. पंचायत से लेकर राजधानी तक सर्वत्र नकारात्मक वातावरण है. सड़क, बिजली पानी, चिकित्सा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की स्थिति खराब है.
उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य सरकार की इन विफलताओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन खड़ा करेगी. पार्टी सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आरोप पत्र जारी करेगी. पार्टी पिछली भाजपा सरकार की उपलब्धियों और इस सरकार की नाकामियों का तुलनात्मक ब्यौरा प्रस्तुत करेगी.
इसके पूर्व डॉ. सरकार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने झारखंड की सुख समृद्धि के लिये झारखंड राज्य बनाया और इसके संरक्षण की भी जिम्मेवारी हमारी है. हम देश और जनता की सेवा के लिये कार्य कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि हमारी कार्य पद्धति केवल चुनाव जीतना और सरकार चलाना नहीं है, बल्कि हमें भारतीय संस्कृति का संरक्षण और संवर्धन करना है.
कोरोना के बीच कार्यकर्ताओं ने सेवा, संगठन और वर्चुअल आंदोलन की त्रिवेणी बहाई: दीपक प्रकाश
अपने अध्यक्षीय स्वागत उद्बोधन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने प्रदेश के नवनियुक्त सह प्रभारी एवम बांकुड़ा के सांसद डॉ. सुभाष सरकार का भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर पुष्प गुच्छ, पुस्तक एवम अंग वस्त्र देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया.
उन्होंने कहा कि डॉ सरकार के पास लंबा संगठनिक अनुभव है. विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रुप मे ये चिकित्सा महाविद्यालय में छात्र संघ के अध्यक्ष भी रहे. पार्टी के बंगाल इकाई में जिला एवं प्रदेश के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश सह प्रभारी के रुप मे इनका मार्गदर्शन प्राप्त होगा.
प्रकाश ने झारखंड के कार्यकर्ताओं एवं पार्टी के पदाधिकारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल मे गरीबों, असहायों की अनवरत सेवा की साथ ही संगठन विस्तार के कार्य को भी बखूबी निभाया. सरकार की विफलताओं जन विरोधी निर्णयों के खिलाफ वर्चुअल आंदोलन भी किये.
प्रकाश ने कहा कि महागठबंधन ठगबंधन साबित हो चुका है. हम सरकार की नाकामियों और वादा खिलाफी को लेकर सड़क पर पुरजोर आंदोलन करेंगे. भाजपा राज्य को लूटते और बर्बाद होते हुए नहीं देख सकती.
अपनी विफलता को केंद्र पर थोप रही हेमंत सरकार: बाबूलाल मरांडी
बैठक को संबोधित करते भाजपा नेता विधायकदल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार में विकास कार्य ठप्प है और लूट खसोट जारी है.
उन्होंने कहा कि थानों में एफआईआर दर्ज नहीं होते, म्युटेशन कार्य ठप्प हैं, राज्य के उद्योग धंधे बंद हो रहे पर ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग बंद फल फूल रहे, बालू घाटों पर लूट मची है, करप्शन प्रैक्टिस बढ़ता ही जा रहा. नीचे से ऊपर तक उगाही हो रही. सरकारी जमीन को भी ऑनलाइन लूट को बढ़ावा दिया जा रहा.
मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र का गला घोंटना चाहती है.
उन्होंने कहा कि भाजपा माटी की पार्टी है. हमें राज्य को बर्बादी से रोकने के लिये आर पार की लड़ाई लड़नी होगी.
संगठनात्मक कार्य समय पर पूरे हों: धर्मपाल सिंह
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सभी जिलाध्यक्ष से संगठनात्मक वृत लिया.
उन्होंने आगामी 10 दिसंबर तक सभी जिलों में मंडल कार्यसमिति मोर्चों के संगठनिक गठन कर लेने के निर्देश दिए. प्रशिक्षण में मंडल कार्यसमिति के साथ संबंधित मंडल में निवास करने वाले प्रदेश, जिला के पदाधिकारी, सांसद, विधायक भी शामिल होंगे.
उन्होंने कहा कि आगामी 13,14 दिसंबर और 17,18 दिसंबर तक प्रदेश के सभी मंडल में प्रशिक्षण कार्य पूर्ण हो जाएंगे.
उन्होंने 10 दिसंबर तक पंचायत स्तर की सांगठनिक समिति शक्ति केंद्रों के आवश्यक पुनरीक्षण के भी निर्देश दिए.
बैठक का उद्घाटन दीप प्रज्वलन, महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवम वंदेमातरम गीत के साथ हुआ.
मंचस्थ महानुभाओं का स्वागत प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, विधायक जयप्रकाश पटेल, सुबोध सिंह गुड्डू ने किया.
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने वंदेमातरम गीत प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा एवम धन्यवाद ज्ञापन सुश्री काजल प्रधान ने किया.
बैठक में पूर्व विधायक एवं सांसद राजकिशोर महतो के निधन और सिमडेगा के भाजपा कार्यकर्ता महानंद साहू की हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिये एक मिनट का मौन रखते हुए प्रार्थना की.

