चीन ने सोमवार को बताया कि उसके यहां रविवार को कोरोना के महज 16 नए मामले दर्ज किए गए. चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने एक बयान में कहा, नए मामलों में से 14 ऐसे हैं जिनका संबंध विदेश से है जबकि 2 मामले देश के ही थे. चीन में इस समय COVID-19 मामलों की कुल संख्या 90,426 है, जबकि मरने वालों का आंकड़ा 4,636 है. कल तक के आंकड़ों की बात की जाए तो चीन में अभी तक 16,73,43,000 वैक्सीन की खुराक दी गई हैं. टीकाकरण संख्या के मामले में अमेरिका के बाद चीन का ही नंबर है.मालूम हो कि इस साल 7 फरवरी को चीन में कोरोना के 14 नए मामले सामने आए थे. जबकि पिछले साल 11 फरवरी को 6,905 नए मामले दर्ज किए जा रहे थे. यही नहीं, चीन इस समय दुनिया भर में अपनी वैक्सीन भेज रहा है. चीन की वैक्सीन इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, थाईलैंड, पाकिस्तान, ब्राजील, चिली, यूक्रेन, जिम्बाब्वे और ट्यूनीशिया को भेजी गई हैं. बता दें कि चीन अपने यहां कोरोना टीकाकरण के विस्तार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

