रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: आचार संहिता लागू होने के बाद पूरे बिहार में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं सूबे में कानून व्यवस्था अब भगवान भरोसे हैं. ताजा मामला सीतामढ़ी जिले का हैं जहां बाजपट्टी-कुम्मा पथ के समीप अहले सुबह अपराधियों ने कार लूट की नियत से कार सवार व्यक्ति पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी. घटना बाजपट्टी थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है. जख्मी कार सवार को स्थानीय लोगो की मदद से शहर स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है. जख्मी की पहचान बेला थाना क्षेत्र के सिरसिया बाजार निवासी संतोष के रूप में की गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जख्मी अपने निजी काम से बेला से सीतामढ़ी आ रहा था. इसी दौरान बाजपट्टी के कुम्मा रोड स्थित लचका के समीप आधा दर्जन घात लगाए अपराधियो ने कार लूट की नियत से गाड़ी रोकने का प्रयास किया. जिसमें विफल होने पर अपराधियो ने संतोष की कार पर ताबड़तोड़ फ़ायरिग कर दी. जिसमें वो बुरी तरह जख्मी हो गया.वहीं घटना की सूचना पर पुलिस अपराधियों की शिनाख्त में जुट गई है.

