मुंगेर: जमालपुर शहर में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को एक बार फिर चुनौती दी है. जहां एक ओर मुंगेर पुलिस अपराधियों की धर पकड़ में तेजी से लगी है तो वहीं दूसरी तरफ अपराधियों ने जमालपुर पुलिस को चुनौती देते हुए बीती रात्रि को शहर के जन वितरण प्रणाली विक्रेता के पुत्र की गोली मार कर हत्या कर दी.
घटना गुरुवार की देर रात्रि जमालपुर ईस्ट कॉलोनी थाना क्षेत्र ठाकुरबाड़ी रोड की है जब बेखौफ अपराधियों ने घर के बाहर टहल रहे सत्येंद्र चौरसिया के पुत्र मुकेश कुमार 45 वर्ष की गोली मार कर हत्या कर दी.
मुकेश को 4 गोली लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. इधर घटना की सूचना मिलते ही जिले के अपर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर प्रसाद सिंह दलबल के घटना स्थल पहुंचे और शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इस संबंध में सिंह ने बताया की हत्या के कारणों एवं घटना में शामिल बदमाशों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस हत्या के हर एक पहलुओं की जांच कर रही है. हत्या के कारणों का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा.

