बिहार: सीवान में अपराधियों ने गोलीबारी की दो घटनाओं को अंजाम दिया है. इन दो घटनाओं में जहां एक शख्स की मौत हो गई वहीं दूसरा शख्स बुरी तरह से जख्मी है. पहली घटना दरौंदा थाना क्षेत्र के बाल बंगरा गांव के समीप की है जहां जहा जिला परिषद के भावी प्रत्याशी और फर्नीचर व्यवसायी को अपराधियों ने गोली मार दी. दो बाइक सवार अपराधियों ने मुकेश यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना में मुकेश को तीन गोलियां लगी.
सीवान सदर अस्पताल में आते ही उन्होंने दम तोड़ दी. घटना को किन कारणों से अंजाम दिया गया है इसका पता नहीं लग सका है. बताया जा रहा है कि मुकेश यादव बालबंगरा अपने फर्नीचर के दुकान पर थे इसी दौरान स्प्लेंडर प्लस बाइक पर सवार दो की संख्या में हथियार लैस अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की और आराम से भाग निकले.
दूसरी घटना जिले के पचरूखी क्षेत्र के भवानी मोड़ की है जहां अपाची बाइक सवार अपराधियों ने गिट्टी छड़ व्यवसायी नागेंद्र सिंह को गोली मार दी और फरार हो गए. व्यवसायी नागेंद्र सिंह अपनी दुकान में बैठे थे तभी अपराधियों द्वारा सामान मांगा गया. जैसे ही वो सामान देने के लिए उठे तो अपराधियो ने उनको गोली मार दी.
आनन-फानन में परिजनों ने उनको इलाज के लिए स्थानीय पचरूखी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया है जहां व्यवसायी का इलाज चल रहा है.

