रांची: देशव्यापी लॉकडाउन के बीच केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत सभी महिला जनधन खाताधारियों को तीन महीने तक के लिए उनके बैंक खाते में 500-500 रुपये भेजे गये है, ताकि जरूरतमंद सामानों की खरीद लोग कर सके.
इस राशि को निकालने के लिए राजधानी रांची समेत विभिन्न जिलों के बैंक शाखाओं में महिला जनधन खाताधारियों की बड़ी भीड़ उमड़ रही है.
ऐसे में सोशल डिस्टेसिंग का पालन करवाने को लेकर बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा पुलिस-प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है.
पुलिस-प्रशासन की ओर से बैंक शाखाओं के बाहर जवानों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, ताकि बैंक में लेन-देन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा सके.
बैंक शाखाओं के बाहर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा. इसके बावजूद लोग पहले बैंक काउंटर पहुंचने की होड़ में सोशल डिस्टेंसिंग की अनिर्वायता के आदेश की अनदेखी कर रहे है.
रांची समेत कई जिलों में सोमवार को बैंक शाखा खुलने के पहले ही महिला खाताधारियों की भीड़ जुटनी लगी थी, जिसके बाद पुलिस के सहयोग से सभी को लाईन में खड़ा कराया, लेकिन इस दौरान कड़ी धूप होने के कारण महिलाओं को काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा.
बैंक शाखाओं में लॉकडाउन के उल्लंघन के साथ पहुंची महिलाओं की भीड़ सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ाती दिखी. इस दौरान लोगों में जागरूकता का साफ तौर पर अभाव दिखा.
भीड़ में अधिकतर लोगों ने एहतियात के तौर पर मास्क भी नहीं लगाया था. इस दौरान भीड़ से थोड़ी दूर खड़े रहने की अपील बैंक कर्मियों द्वारा भी लगातार की जा रही है, लेकिन कोई खास असर नहीं दिख रहा है.

