सीबीएसई ने सीटीईटी 2021 का परिणाम बुधवार को जारी कर दिया. सीटीईटी पेपर-1 में 1892276 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. परीक्षा में सम्मिलित 14,95,511 अभ्यर्थियों में से 4,45,467 पास हुए. वहीं पेपर-2 में 16,62,886 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था जिनमें से 12,78,165 अभ्यर्थियों में से 2,20,069 अभ्यर्थी पास हुए. आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर सीटीईटी रिजल्ट चेक किया जा सकता है. अभ्यर्थियों की मार्कशीट और क्वालिफाइंग सर्टिफिकेट डिजिलॉकर पर भी अपलोड किया जायेगा. परीक्षार्थी अपने मोबाइल नंबर के जरिए इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे.
बता दे कि सीटीईटी परीक्षा 16 दिसंबर, 2021 से 21 जनवरी, 2022 तक पूरे भारत के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. 1 फरवरी, 2022 को बोर्ड ने आंसर-की जारी की थी. सीबीएसई द्वारा सीटीईटी की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती है. इस परीक्षा को पास करने वाले परीक्षार्थी देशभर के केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और आर्मी स्कूलों में शिक्षकों के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं.
सीटीईटी परीक्षा को पास करने के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों को परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए यह न्यूनतम अंक 55 प्रतिशत है.

