रांची: साइबर ठग लोगों से ठगी करने के नये-नये हथकंडे अपना रहे हैं. एटीएम, आधार कार्ड, बैक अकाउंट नंबर हैक कर ठगी करने का तरीका तो निकाला ही है. अब साइबर ठगों ने नया तरीका अपना लिया है. किसी की प्रोफाइल की तस्वीर चुराकर उसे तकनीक से अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर पैसे की मांग कर रहे हैं.
जमशेदपुर में कई ऐसे मामले सामने आए हैं. इनमें एक मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र बारीडीह के एक निवासी का है. इसकी शिकायत साइबर थाना, बिष्टुपुर में की गई है.
पुलिस को बताया गया कि 24 अगस्त को वाट्सएप पर 7480906900 नंबर से मैसेज आया. परिवार की महिला का अश्लील वीडियो बनाकर डाला. इसे सोशल मीडिया में वायरल कर देने की धमकी देकर रुपये की मांग करने लगा. साइबर ठग ने उस व्यक्ति से कहा कि वाट्सएप पर शेयर करना शुरू कर दिया हैं.
अलग-अलग नंबर से संपर्क कर कहने लगा कि अगर आपने पैसा नहीं दिया तो इसको फेसबुक में शेयर कर दिया जाएगा. उस व्यक्ति ने डरकर गूगल पे से 6500 रुपये भेज दिए. इसके बाद परिवार के लोग तनाव में आ गए.
ठग ने 31 अगस्त की सुबह फोन पर संपर्क किया. साकची में आने को कहा गया. गाली-गलौज किए जाने के बाद भी उसने कुछ नहीं कहा. बार-बार संपर्क करने पर कहा कि 10 हजार रुपये और दो. आगे से फोन नहीं करेंगे. मामला रफा-दफा हो जाएगा.
यह पूछे जाने पर जामताड़ा से फोन कर रहे हो ? कहा हां जो करना है कर लो. ये भी कहा कि जितनी गाली दे रहे हो, उतनी गाली तो रोज सुनता हूं. साइबर थाना को बातचीत की रिकार्डिंग भी दी गई है.

