झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम के पास 4950 करोड़ रुपये का है बकाया
झारखंड के 7 जिलों में 650 मेगा वाट बिजली की सप्लाई करता है डीवीसी
रांची: डीवीसी ने फिर झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम को अल्टीमेटम दिया है की अगर बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ तो राज्य के 7 जिलों में 13 दिसंबर से बिजली की कटौती की जाएगी. झारखंड बिजली वितरण निगम के पास बिजली के मद में 4950 करोड़ रुपये का बकाया हो गया है. डीवीसी मुख्यालय कोलकाता के कार्यकारी निदेशक कमर्शियल अंजन डे ने बताया कि बिजली आपूर्ति के एवज में झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम ने 30 नवंबर तक 4950 करोड़ रुपए से अधिक के बकाए का भुगतान नहीं किया है यदि 13 दिसंबर तक बकाया का भुगतान शुरू नहीं किया गया तो डीवीसी बिजली में कटौती शुरू करेगा.
बताते चलें कि डीवीसी झारखंड को प्रतिदिन लगभग 650 मेगावाट बिजली की आपूर्ति करता है डीवीसी द्वारा झारखंड के 7 जिले बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़, चतरा और हजारीबाग में बिजली की आपूर्ति की जाती है.
बताते चलें कि डीवीसी के बकाया भुगतान में विफल रहने पर एग्रीमेंट के हिसाब से सितंबर 2020 में आरबीआई में जमा राज्य के पैसे सीधे 1714 करोड़ों रुपए काट लिए गए थे. हालांकि इस बाबत राज्य सरकार ने कोरोना काल में खराब आर्थिक हालात का हवाला देते हुए केंद्र से पैसे नहीं कटने का अनुरोध किया गया था जिसे स्वीकार नहीं किया गया था तब राज्य सरकार ने केंद्र से राज्य के मद में बकाया करोड़ों रुपए देने की मांग उठाई थी. अब एक बार फिर डीवीसी को पैसों का भुगतान करने में विफल रहने पर राज्य के सामने वही नौबत आ खड़ी हुई है

