रांची : पर्यटन दिवस के मौके पर लोग प्रकृति का दर्शन करना नहीं भूलते. और अगर बात दशम फॉल की हो तो सर्दी हो या बारिश ,पर्यटन स्थल हर मौसम में अपनी अलग अलग छटा बिखेरते हैं. खूंटी और तमाड़ के सीमावर्ती इलाके में स्थित दशम फॉल हर मौसम में पर्यटकों का पसंदीदा स्थल माना जाता है. बिहार हो या बंगाल या उड़ीसा हर क्षेत्र से पर्यटक यहां खिंचे चले आते हैं. खासकर बारिश के मौसम में जब दशम फॉल अपने पूरे लय में होते हैं.

कल-कल करती जल की धारा जंगलों की खामोशी को दूर दूर तक चीरती हुई पर्यटकों को हर्षित कर देती है. बच्चों के मनोरंजन के लिए यहां पर्यटन विभाग द्वारा झूले भी लगाए गए हैं. पर्यटन स्थलों में सेल्फी लेना आजकल हर किसी की आदत में शुमार हो गया है. चाहे बच्चे हो या युवा या उम्रदराज, जंगल, पहाड़ों और नदियों की खूबसूरती हर किसी के कैमरे या मोबाइल में कैद होती है. और जब दशम फॉल की बात हो तो हर कोई 144 फीट की ऊंचाई से गिरनेवाला जलधारा को कैद करना नहीं भूलता.

