देवघर. समाहरणालय सभागार में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त डॉ संजय सिंह ने की. इसमें उप विकास आयुक्त ने जिले में मनरेगा समेत अन्य विकास और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों एवं अभियंताओं को कार्य में गति लाकर उसे ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया.
मनरेगा की समीक्षा में उप विकास आयुक्त ने सभी बीडीओ को एक सप्ताह के भीतर कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया. उप विकास आयुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता को कई महत्वपूर्ण आदेश दिए. भवन प्रमंडल के अभियंता को कार्य में प्रगति लाने एवं कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया.
उप विकास आयुक्त ने बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा,समाज कल्याण, कल्याण विभाग, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, कृषि समेत अन्य विभागों के कार्य की समीक्षा की. इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया. बैठक में आईटीडीए निदेशक राजेश कुमार राय, अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वर महतो, सहित जिला के अन्य वरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे.

