शशिभूषण दूबे कंचनीय,
प्रयागराज: मेजा इलाकाई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत औता में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया.
रविवार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखा की एक युवक मृत अवस्था में वृक्ष के नीचे पड़ा हुआ है। जिसकी पहचान गांव के मौजा चोरबना निवासी राजू कांत पांडेय पुत्र कन्हैया लाल पांडेय उम्र 22 वर्ष के रूप में हुआ। मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी. मौके पर पहुंचे परिवारी जन शव देख अवाक रह गए तथा रोने बिलखने लगे.
करीबियों के मुताबिक मृतक युवक मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था. रविवार को वह मुंबई से घर वापस आया था. रात्रि 9:00 बजे के आस-पास घर से निकला था, जिसका शव अर्धनग्न अवस्था में सुबह आम के बगीचे में वृक्ष के नीचे मिला. मृतक युवक का पैंट वृक्ष के एक डाल पर बंधा हुआ था. युवक के अचानक मौत पर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. मृतक युवक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था. सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज के लिए भेज दिया. पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है. वहीं घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है तथा लोगों का रो रो कर बुरा हाल है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा : क्षेत्राधिकारी
मामले में क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद ने बताया कि पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा. कहां कि घटना की सक्रियता के साथ जांच पड़ताल की जा रही है. जल्द ही खुलासे की संभावना जताई.

