कोलकाता(गोघाट): हुगली जिले के गोघाट थाना अंतर्गत गोघाट रेलवे स्टेशन संलग्न इलाके से रविवार सुबह भाजपा कार्यकर्ता का पेड़ से लटकता हुआ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई.
आज सुबह स्थानीय लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता के शव को एक पेड़ से लटकता हुआ देखा. हालांकि शव का पैर जमीन को स्पर्श कर रहा था. खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ लग गई. मृत भाजपा कार्यकर्ता का नाम गणेश राय है.
भाजपा के आरामबाग सांगठनिक जिले के अध्यक्ष विमान घोष का कहना है कि भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता होने के कारण गणेश राय की हत्या की गई है. गणेश के परिवार के लोगों को पहले भी धमकी दी गई थी और रविवार उसका शव पेड़ से लटकता हुआ मिला है.

