चतरा: चतरा जिले में हंटरगंज थाना क्षेत्र के गोसाइडीह के पास घररी नदी से शनिवार को एक 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया. युवक की पहचान नहीं की जा सकी है. शव सड़ी-गली अवस्था में पाया गया और 4-5 दिन पुरानी लाश होने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. वहीं, शव की पहचान में जुट गई है. यह हत्या है या आत्महत्या, इस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह जब कुछ चरवाहे नदी की ओर गए तो उन्हें तेज बदबू आई. इसके बाद उन्हें नदी किनारे पानी में युवक का शव दिखा. चरवाहों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी और फिर पुलिस तक सूचना पहुंची.
शव के काफी सड़ जाने से यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शरीर पर चोट के निशान है या नहीं. युवक हाफ पैंट में था. ग्रामीणों ने आशंका जाहिर की है कि युवक की हत्या करने के कुछ दिनों बाद उसके शव को नदी में फेंक दिया गया होगा.

