दुमका : झारखंड में दुमका जिले के मसलिया थाना क्षेत्र के शिकारपुर डुमकी गांव के समीप पुलिस ने एक पेड़ में फंदे से लटकते लगभग 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद किया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर फांसी के फंदे में लटकते व्यक्ति की लाश को पेड़ से उतार कर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए दुमका मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिकारपुर डुमटी गांव के ग्रामीणों ने रविवार की सुबह पेड़ से लटकती लाश देखकर पुलिस को सूचित किया। शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया और घटना स्थल का मुआयना किया तथा आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली।
प्रारम्भिक छानबीन में मृत युवक द्वारा पेड़ में फंदा लगाकर जान देने के कयास लगाये जा रहे हैं । मरने वाले व्यक्ति की उम्र लगभग 35 साल है। मृतक की पहचान नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम के बाद लाश को सुरक्षित रखा गया है। आशंका जतायी जा रही है कि मृत व्यक्ति किसी दूसरी जगह का रहने वाला है। हालांकि मसलिया पुलिस फिलहाल क्षयूडी केस दर्ज कर शव का शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।

