रांची:- इटकी थाना पुलिस ने आज सुबह ग्रामीणों की सूचना पर रांची लोहरदगा रेल लाइन के पो संख्या 339 /8से एक युवक का शव बरामद किया है. मृतक के पास से बरामद आधार कार्ड से उसकी पहचान कैरो निवासी 26 वर्षीय सयुम अंसारी के रूप में की गई है. इटकी थाना के एएसआई ऐनुल खान ने बताया कि मृतक के पास रांची लोहरदगा ट्रेन का आने जाने का टिकट भी पाया गया है. उसकी पहचान के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया.
सयुम को किसी ने चलती ट्रेन से ढकेल दिया रू सयुम की मौत की खबर सुन कर घटना स्थल पर पहुंचे उसके परिजनों ने बताया कि वह कल ही कैरो से रांची गया था और आज सुबह पांच बजे वह ट्रेन से घर लौट रहा था. उसकी मौत ट्रेन से गिरने से नहीं हुई है. परिजनों ने कहा कि ट्रेन में सवार जानबूझ कर उसे किसी ने चलती ट्रेन से ढकेल दिया. जिससे उसका अंगूठा कट गया और सिर में गहरी चोट लगी है. जिससे उसकी मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस से इसकी जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. परिजनों की मांग पर रेलवे के अधिकारियों व इटकी थाना पुलिस ने उन्हे आश्वस्त किया है कि यदि सयुम की मौत ट्रेन में सवार किसी व्यक्ति के द्वारा ढकेलने से हुई है तो इसकी जांच कर आरोपियों की तलाश कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाय.

