गुमला: बैद्यनाथ जालान महाविद्यालय में मंगलवार को लांस नायक परमवीर अल्बर्ट एक्का की पुण्यतिथि मनायी गयी. समारोह में प्रभारी प्राचार्य मोहन गोप, प्रो. दुति साहू, डॉ. केपी साहू, प्रो. जे राम ने लांस नायक की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने भी परमवीर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित की.
मौके पर डॉ. के.पी साहू ने लांस नायक की जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक्का का जन्म 27 दिसम्बर, 1942 को गुमला जिला के डुमरी ब्लॉक के जारी गांव में हुआ था. उनके पिता का नाम जूलियस एक्का और माता का नाम मरियम एक्का था. उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सी.सी स्कूल पटराटोली से की थी और माध्यमिक परीक्षा भिखमपुर मिडल स्कूल से पास की थी. वे बहुत गरीब परिवार से थे. गरीबी से जुझते हुए वे भारतीय सेना में भर्ती हो गए. जिसके बाद सन 1971 के युद्ध में उन्होंने वीरता का परिचय देते हुए खुद को देश के लिए बलिदान कर दिया.
वहीं, प्रो. दुति साहू एवं प्रधानाध्यापक मोहन गोप ने भी उनकी वीरता और देश के प्रति श्रद्धा के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि एक्का 25 वर्ष की उम्र में ही भारत माता की सेवा एवं देश की रक्षा के लिए सरहद पर तैनात होकर हमें सुरक्षित रखा. युद्ध के दौरान दुश्मनों के एके-47 मशीन गन को नष्ट करने के क्रम में वे शहीद हो गए. उनके शरीर को गोलियों से छलनी कर दिया गया था, लेकिन भी वे दुश्मनों से लोहा लेते रहे और अंत में देश के लिए शहीद हो गए.
कार्यक्रम में प्रो. मोहन गोप, प्रो. दुति साहू, डॉ. के.पी साहू, प्रो. जे राम, सुरेश साहू, छात्र संघ अध्यक्ष डब्ल्यू भगत, सहसचिव रॉकी राज, सचिव बिनीता कुमारी के अलावे कॉलेज के अन्य सभी छात्र उपस्थित थे.

