तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में स्थित नादुकट्टुपट्टी में शुक्रवार को 25 फुट गहरे बोरवेल में गिरे दो साल के बच्चे सुजीत विल्सन की मौत हो गई है.बच्चा शुक्रवार शाम लगभग 5.30 बजे बोरवेल में गिर गया था और 30 फीट पर जाकर फंस गया था और उसके तुरंत बाद ही बचाव अभियान शुरू कर दिए गए थे.
तमिलनाडु परिवहन विभाग के प्रधान सचिव जे राधाकृष्णन ने कहा कि, ‘दो वर्षीय बच्चे का शरीर अब विघटित अवस्था में है. हमने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश बोरवेल से दुर्गंध आने लगी. विल्सन का शरीर बोरवेल के अंदर बुरी तरह से क्षत-विक्षित हो गया था. बच्चे का शव बरामद होने के बाद खुदाई प्रक्रिया रोक दी गई है.
राधाकृष्णन ने घोषणा की कि विल्सन की मौत हो गई है. बच्चे के शव को बाहर निकाल कर मनाप्पराई के सरकारी अस्पताल भेजा गया, बाद में शव माता-पिता को सौंप दिया गया.
सुजीत विल्सन 72 घंटों से अधिक समय से 88 फुट की गहराई में बोरवेल में फंसा हुआ था और पथरीली मिट्टी तथा बारिश के कारण बचाव अभियान बाधित होने से उसकी सलामती को लेकर चिंता भी पहले ही बढ़ गई थी. खुदाई के काम को तेज करने के लिए जर्मनी की मशीन का भी इस्तेमाल किया गया था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने उसकी सलामती के लिए दुआ की थी.

