रांची: गढ़वा जिले के काण्डी प्रखंड अन्तर्गत डुमरसोता गांव के समीप सात युवकों के सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत एवं भवनाथपुर के कड़िया डैम में दो लोगों की डूबने से हुई मौत को गढ़वा विधायक-सह राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने अत्यन्त हृदय विदारक एवं दुःखद कहा. उन्होंने कहा कि वह इस हादसे से स्तब्ध है.
ठाकुर ने इस हृदय विदारक हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा है कि इस हादसे में नौजवानों की मौत से अत्यन्त स्तब्ध हूं. मेरे पास शब्द नहीं है, मैं काफी मर्माहत एवं निःशब्द हो गया हूं. नौजवान हमारे राज्य व देश के भविष्य है और परिवार के स्तम्भ है, असमायिक मौत से पूरे परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस असीम दुःख को सहने की ताकत दें एवं परिवार का धैर्य बनाए रखें.
मिथिलेश कुमार ठाकुर ने स्थानीय प्रशासन व जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि विधि सम्मत हर संभव सहायता पीड़ित परिवारों को तत्काल मुहैया कराया जाये, इसमें किसी भी प्रकार की टाल-मटोल और कोताही नहीं की जाये.

