रंजीत कुमार
सीतामढ़ी : जिले में स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था और प्रशासन की सुस्ती के कारण एक तथाकथित कोरोना संदिग्ध की मौत हो गयी हैं. परिजनों ने कोरोना जांच की मांग को लेकर शव के साथ जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय के सामने प्रदर्शन किया. मृतक की पहचान बसबरिया वार्ड-10 के 35 वर्षीय राजकुमार साह के रूप में की गई हैं. परिजनों का आरोप है कि राजकुमार पिछले 10 दिनों से खांसी, सर्दी, बुखार से पीड़ित था, वहीं उसने गांव में स्थानीय दवा दुकानदार से दवा लिया परन्तु ठीक नहीं हुआ. इसके बाद शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसे डॉक्टरों ने कोरोना जांच के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया. परिजनों ने बताया कि सदर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे कोरोना जांच के लिए डुमरा स्थिति आईटीआई में बने कोविड-19 अस्पताल में भेज दिया जहां से उसे डुमरा पीएचसी में भेज दिया गया. डुमरा पीएचसी से वापस फिर उसे सदर अस्पताल भेजा गया. तंग आकर परिजन पीड़ित को अपने साथ घर ले आए. घर में अचानक रात में पीड़ित की तबीयत खराब हुई और सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 2:30 बजे उसकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है.
मौत से आक्रोशित परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए एंबुलेंस में शव लादकर जिला मुख्यालय पहुंचकर समाहरणालय के सामने शव के साथ प्रदर्शन किया एवं कोरोना की जांच की मांग की. इसके तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंची और परिजनों को हटाने का प्रयास किया किंतु परिजन डटे रहे. पुलिस ने सदर एसडीएम से परिजनों की बात करवाई एवं परिजनों के कोरोना जांच कराने का भरोसा दिया गया. एसडीएम के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर अपने घर लौट गए.

