दिल्ली: भारत में कोरोना को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ताजा हालातों की जानकारी दी. इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताए कि देश में कोरोना की स्थिति फिलहाल क्या है.
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि 2000 लैब्स की मदद से लगभग 11 करोड़ 17 लाख कोरोना टेस्ट हो चुके हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि कुल रिकवरी रेट 92 प्रतिशत के करीब है.
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब से कोरोना शुरू हुआ है तबसे लेकर अब तक कुल पॉजिटिविटी रेट 7.4 है. साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 4.4 है. दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.7 है.
उन्होंने यह भी बताया कि प्रति 10 लाख आबादी पर 5991 कोरोना केस हैं. प्रति 10 लाख आबादी पर 89 मृत्यु हैं, जो दुनिया के औसत 154 मृत्यु से काफी कम हैं.
राजेश भूषण ने कहा दि देश में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है. जून में सिर्फ 95000 रिकवरियां थीं और अब कुल रिकवरियां बढ़कर 76 लाख हो गई हैं. अभी एक्टिव केस लगभग 5 लाख 41 हज़ार हैं जो कुल केसों का 6.8 प्रतिशत है.

