नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राज्यसभा में ‘पूर्वी लद्दाख में वर्तमान स्थिति’ पर राज्यसभा में बयान दिया. उन्होंने जानकारी दी कि भारत और चीन के बीच डिसइंगेजमेंट पर सहमति बन गई है. पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी तट पर दोनों सेनाएं फॉरवर्ड सैनिकों को पीछे करेंगे. चीन जहां उत्तरी तट पर फिंगर 8 के पूर्व में जाएगा, वहीं भारतीय फिंगर 3 के पास स्थित मेजर धान सिंह थापा पोस्ट (परमानेंट बेस) पर रहेगी. सिंह ने कहा कि पैंगोंग झील में डिसइंगेजमेंट पूरा होने के बाद, दोनों सेनाओं के बीच फिर बात होगी.
फिंगर 8 से पीछे जाएगी चीनी सेना
राज्यसभा में राजनाथ ने जानकारी दी कि पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी तट पर डिसइंगेजमेंट का समझौता हो गया है. चीन इस बात पर भी सहमत हुआ है कि पूर्ण डिसइंगेजमेंट के 48 घंटों के भीतर सीनियर कमांडर लेवल की बातचीत हो और आगे की कार्यवाही पर चर्चा हो. सिंह ने बताया, “पैंगोंग झील को लेकर हुए समझौते के मुताबिक, चीन अपनी सेना को फिंगर 8 से पूर्व की ओर रखेगा. इसी तरह भारत भी अपनी सेना की टुकड़ियों को फिंगर 3 के पास अपने परमानेंट बेस पर रखेगा.”

