रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से आज भारतीय रक्षा महाविद्यालय, नई दिल्ली के 14 अधिकारियों ने राज भवन आकर मुलाकात की. यह एक शिष्टाचार भेंट थी.
इस मुलाकात के क्रम में राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड में देश की लगभग चालीस प्रतिशत खनिज संपदा मौजूद हैं. यहां के लोग परिश्रमी हैं तथा यहां के बच्चों में प्रतिभा है. यहां स्पोर्टस् हाॅस्टल भी है, जो सी.सी.एल. के सहयोग से संचालित है. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सहित कई विद्यालयों की छात्रायें भी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी निपुण हैं. झारखण्ड के विश्वविद्यालयों में छात्राओं के लिए मार्शल आर्ट आत्मरक्षा के लिए सिखाया जाता है. यहां उग्रवादियों को मुख्यधारा में लाने के लिए समर्पण नीति है.
रक्षा विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने राज्यपाल को अवगत कराया कि वे लोग देश के 6 राज्यों का भ्रमण कर राज्य में सरकार द्वारा चलाये जा रहे विकास कार्यों के साथ-साथ राज्य के सामाजिक, आर्थिक गतिविधियों का अध्ययन करेंगे. इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव शैलेश कुमार सिंह, अखिलेश कुमार, ब्रिगेडियर वी. अनुब्रसु, ब्रिगेडियर एम.के. माथुर, ब्रिगेडियर मोहित मोहिन्द्रू, ब्रिगेडियर मनीश लुथरा समेत अन्य सैन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे.

